कोरोना अपडेट: 26 दिन में दो गुना हो रहे मरीज, अक्टूबर तक हो सकता है ये हाल
सुमन कुमार
देश में कोरोना मरीजों के दो गुना होने की गति थोड़ी और सुस्त हुई है। अब देश में 26 दिनों में कोरोना के मरीज दो गुना हो रहे हैं। अगर एक्टिव मरीजों के दो गुना होने की गति देखें तो इसमें और सुधार हुआ है। देश में एक्टिव मरीजों की संख्या अब 35 दिन में दो गुना हो रही है। इसी प्रकार देश में मृतकों की संख्या 32 दिन में दो गुना हो रही है। एक महीने पहले तक कुल मरीजों के दो गुना होने में 20 से कम दिन लग रहे थे जबकि एक्टिव मरीज 24 दिन में दो गुना हो रहे थे। इस तरह अगर अनुमान लगाया जाए तो देश में अक्टूबर के पहले सप्ताह में एक्टिव मरीजों की संख्या 14 लाख के आसपास हो सकती है जबकि कुल मरीजों की संख्या 60 लाख के करीब पहुंच सकती है। मृतकों का आंकड़ा भी एक लाख पार कर जाने की आशंका है। हालांकि अगर इस बीच सरकार ने कोरोना के किसी टीके के व्यापक निर्माण एवं उपयोग की अनुमति दे दी तो इस आकलन में कमी आ सकती है। देश में तीन टीके इस समय विकास के अलग-अलग चरण में हैं और सूत्र बताते हैं कि अगले एक महीने में सरकार इनमें से किसी एक टीके के सीमित उपयोग की अनुमति दे सकती है।
देश में गुरुवार को 68898 नए कोरोना मरीज सामने आए हैं। नए मरीजों की संख्या ने महाराष्ट्र में रिकार्ड तोड़ दिया है जहां एक दिन में सर्वाधिक 14647 नए मरीज सामने आए हैं। गुरुवार को देश की राजधानी दिल्ली में नए मरीजों की संख्या 1215 रही है। कुल नए मरीज का करीब 92 प्रतिशत हिस्सा देश के 16 राज्यों में सिमटा हुआ है। इनमें से महाराष्ट्र में 14647, आंध्र प्रदेश में 9393, कर्नाटक में 7385, तमिलनाडु में 5986, यूपी में 4824, बंगाल में 3197, ओडिशा में 2898, बिहार में 2504, केरल में 1968, तेलंगाना में 1967, पंजाब में 1740, असम में 1735, राजस्थान में 1330, गुजरात में 1165 और मध्य प्रदेश में 1142 नए मरीज सामने आए हैं।
देश में क्या है मरीजों की स्थिति
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार गुरुवार की देर रात तक भारत में कोरोना वायरस के कुल एक्टिव पीड़ितों की संख्या सात लाख के पास पहुंच रही है। अभी देश में कुल 692028 एक्टिव कोरोना मरीज हैं। दूसरी ओर ठीक हो चुके मरीजों का आंकड़ा 21 लाख के पार पहुंच गया है। देश में 2158946 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब हुए हैं। देश में कोरोना को मात देने वालों का आंकड़ा 74 प्रतिशत के पार (74.3) पहुंच गया है जबकि एक्टिव मरीजों की संख्या 24 प्रतिशत के नीचे (23.82) है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक इस संक्रमण से पूरे देश में 54849 लोगों की मौत हो चुकी है यानी कुल मरीजों में 1.89 प्रतिशत को बचाया नहीं जा सका है। इनमें से करीब 70 प्रतिशत ऐसे हैं जिनकी मौत कोरोना के साथ-साथ किसी और बीमारी, जैसे की डायबिटीज, किडनी, लिवर आदि की वजह से हुई है। जहां तक देश में कुल कोरोना संक्रमित हुए लोगों का सवाल है तो देश में 2905823 कुल संक्रमित अब तक सामने आए हैं।
आंकड़ों में देखें पिछले 24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटों में कोरोना के 68898 नए मामले सामने आए हैं और 983 लोगों की जान गई है। इसी अवधि में 62282 पुराने मरीज पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। देश में बुधवार की रात तक 69652 नए मरीज आए थे।
देश में कितने टेस्ट
देश में कोरोना के टेस्ट की संख्या में बुधवार के मुकाबले गुरुवार को कमी आयी। शुक्रवार को भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार देश में एक दिन में 8 लाख 5 हजार 985 टेस्ट हुए हैं जबकि देश में कुल टेस्ट की संख्या तीन करोड़ 34 लाख 67 हजार 237 पर पहुंच गयी है।
दुनिया के मुकाबले क्यों बेहतर स्थिति में है भारत?
शुक्रवार की रात तक पूरी दुनिया में कोरोना के दो करोड़ 30 लाख 8 हजार 899 मरीज हो गए हैं। पूरी दुनिया में एक करोड़ 56 लाख 27 हजार 244 मरीज ठीक हो चुके हैं और 7 लाख 99 हजार 627 लोग कोरोना के कारण मौत के आगोश में जा चुके हैं। अगर हम पूरी दुनिया के कुल मरीजों में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या देखें तो ये करीब 67.9 प्रतिशत है। भारत में ये आंकड़ा 74 प्रतिशत के ऊपर है, यानी भारत में ठीक होने वाले मरीजों की दर दुनिया के औसत से अब तक बेहतर है। इसी प्रकार कुल मरीजों में से मृतकों का आंकड़ा 3.47 प्रतिशत है और भारत में ये औसत 1.9 प्रतिशत से नीचे है। यानी इस मामले में भारत की स्थिति पूरी दुनिया से बहुत बेहतर है।
पढ़ें- कोरोना वायरस की हर जानकारी और मदद के लिए यहां देखें राज्यवार हेल्पलाइन नंबर
किस राज्य में कितनी मौतें
स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर शुक्रवार को अपडेट किए गए डाटा के अनुसार देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना से 983 मौतें हुई हैं। कुल मौतों में से करीब 80 प्रतिशत मौतें सिर्फ 6 राज्यों में हुई हैं। अकेले महाराष्ट्र में 326, तमिलनाडु में 116, कर्नाटक में 102, आंध्र प्रदेश में 95, यूपी में 95 और बंगाल में 53 मौतें हुई हैं। शेष करीब 20 प्रतिशत मौतें देश के 20 राज्यों में हुई हैं। इनमें से पंजाब में 36, दिल्ली में 22, गुजरात में 16, मध्य प्रदेश में 12, हरियाणा, राजस्थान में 11-11, झारखंड, उत्तराखंड, केरल में 9-9, पुडुचेरी, ओडिशा, तेलंगाना, असम में 8-8, छत्तीसगढ़ में 7, जम्मू कश्मीर में 6, बिहार में 5, हिमाचल प्रदेश, त्रिपुरा में 4-4, गोवा में 2 और अंडमान एवं निकोबार आइलैंड में 1 मौत हुई हैं।
इसे भी पढ़ें-
Comments (0)
Facebook Comments (0)